आप क्रॉस-ड्रेसिंग (cross-dressing) को क्या समझती हैं? आपके लिए यह क्या मायने रखता है और हम सब कितने दिनों तक उसी कमरे में मेकअप करती रहेंगी? मैं मेकअप करना सीख रही हूँ और स्त्रीत्व (feminity) को भी तलाश रही हूँ, पर यह सब सीख जाने के बाद मैं उसी कमरे में पड़ी रहूँगी। अगर हमारी आवाज़ ऐसे ही दब जाने वाली है, तो हमारी इतनी मेहनत का फ़ायदा क्या हुआ? मुझे ख़ुशी है कि मैं अपनी मदद कर सकी और एक अलग नज़रिए से दुनिया को देखा।
क्रॉस-ड्रेसिंग मेरे लिए बस मेकअप और साड़ी पहनना नहीं है, बल्कि यह एक सफ़र है जो मुझे पसंद है। मैं चाहती हूँ कि मैं दुनिया घूमूँ, मेहनत करूँ और ज़िंदगी में आगे बढ़ूँ। क्या यह हो भी सकता है क्रॉस-ड्रेसिंग करके, या फिर इससे आगे जाने का वक़्त आ गया है?
लड़का होने के नाते जो ज़िम्मेदारियाँ मुझे इस समाज और घर ने दी हैं, मैं उन्हें अपने कंधों से उतारना चाहती हूँ और एक नई ज़िंदगी शुरू कर सकती भी हूँ, मुझे पता नहीं। कितनी बुरी बात है कि मैं अपनी असली ज़िंदगी जी ही नहीं सकती, बस कल्पना कर सकती हूँ। शायद अब मुझे बस अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभानी चाहिए और जब तक क्रॉस-ड्रेसिंग कर सकूँ, तब तक इसे जी भर के कर लेना चाहिए।
Discussion (0)